Thursday, September 17, 2009

१४ सितम्बर हिन्दी दिवस



          मन की भाषा


कल कल बह कर भाषाओं की सारी नदियां
मिल कर एक विशाल समन्दर बन जाती है
यही समन्दर बादल बन जब छा जाता है
मिट्टी से सौंधी सौंधी खुश्बू आती है
इस खुशबू  से सब का मन हो जाता चंदन
ऐसे मन की भाषा को मन करता वन्दन

जिस भाषा में मां चूल्हे को लेपा करती
जिस भाषा में घुरड़ -घुरड़ कर चक्की चलती
बूढ़ा बरगद जिस भाषा में पास बुलाता
 घर का आंगन दूजे आंगन से बतियाता
कण-कण में गूंजा करता है जिसका स्पंदन
ऐसे मन की भाषा को मन करता वन्दन

जिसमें चूड़ी कन्गना आपस में बतियायें
कुमकुम- बिंदिया जिसमें माथे को चमकायें
हल्दी , महेंदी जिस भाषा में रंग लाती हो
जिसमें दुल्हन सिमट- सिमट कर शरमाती हो
जिसमें सांसें सांसों का करती अभिनन्दन
ऐसे मन की भाषा को मन करता वंदन  

टीचर


             टीचर

 अ से अनार
आ से आम
वर्णमाला के एक- एक अक्षर
हमारी टीचर ने उसी तरह
हमारे मुंह में डाले
जिस तरह मां ने
मुंह में निवाले

मां आंचल में छिपाये रखना चाहती थी
टीचर दुनिया से मुकाबला करवाती थी
मां कभी परीक्षा नहीं लेती
ताकि हम हार न जाएं
टीचर बार- बार परीक्षाएं लेती
जिससे हम जीतना सीख पाएं

माँ अक्सर प्रेमवश
 हमारी गलतियां ढांपती थी
पर हम नेक बन सके
इसलिए टीचर
हर गलती पर डांटती थी


माँ हम संग अपना
भविष्य संजोती रही
पर टीचर यह जानते हुए भी कि
हम एक दिन दूर चले जायेंगे
हमारा भविष्य संवारती रही


 माँ कहती उधर मत चढ़ना गिर जाओगे
टीचर कहती बेशक गिरो
पर बार बार चढ़ना
एक दिन संभल जाओगे

Thursday, September 10, 2009

मुक्तक(अपनी पलकों पे आब रखती हूं)

अपनी पलकों पे आब रखती हूं
मैं भी आंखों में ख्वाब रखती हूं
बिन तेरे कैसा  कट रहा है सफ़र
हमसफ़र ये हिसाब रखती हूं

सबकी आंखों में एक समन्दर है
कितना धुंधला हर एक मंज़र है
आदमी हंस रहा ऊपर-ऊपर
सच तो कुछ और है जो अंदर है

गर बदी है तो संग शराफ़त है
प्यार है इसलिए  शिकायत है
है मुनासिब  हंसी वहीं केवल
आंसुओं की जहां हिफ़ाज़त है

लोग ऐसे भी मिलते जाते हैं
खास दिल में जगह बनाते हैं
नाम होता नहीं है  रिश्तों का
उम्र भर साथ जो  निभाते हैं

Tuesday, July 28, 2009

मैं और मेरी चिड़िया



चिड़िया


एक थी चिड़िया
एक थी मैं
मैं थी चिड़िया
या चिड़िया थी मैं
यह समझना मुश्किल था
क्योंकि इतनी समानताएं थी हम दोनों में
कि लोग अक्सर मुझे चिड़िया कहते थे
और चिड़िया को मुझ जैसा
हमने कितनी ही शाखों पर झूलें डाले थे
झूलों पर झूलाए थे सपने
सपनों में छोटी छोटी चाहत
और चाहत में क्या
बस गलियां,सखियां और अपने
पर जैसे- जैसे हमारे कद
हमारे झोटों से ऊंचे होने लगे
न जाने किसकी नज़र लगी
हमारे पंख हम से छीन लिये गये
और एक रस्म निभायी गई
जिसमें गलियां,सखियां, अपने
सब तो दूर हुएं ही
मेरी चिड़ियां भी मुझसे बिछुड़ गई
अब मुझे कोई चिड़िया नहीं कहता
शायद चिड़िया को भी मुझ जैसा

अब जब भी जाती हूं उन गलियों में
वो चिड़िया दिखायी नहीं देती
वह भी रुखसत हो गयी होगी कहीं
क्योंकि
मायके में बिन बिटिया के चिड़िया के क्या मायने
और ससुराल वाले क्या जाने
यह ससुरी चिड़िया
किस चिड़िया का नाम है 

तुम और तुम्हारी आंखें



आंखें 

तुम और तुम्हारी आंखें
कितना कुछ कहती हैं खामोश रह कर
इसी खामोशी को पढ़ने समझने में जुटी हूं मैं
तब से अब तक
जितना भी समझा हैं अब तलक इन्हें
यहीं पाया है कि तुम्हारी आंखों में ही समाया है
दरअसल तुम्हारा सारा व्यक्तित्व

इनमें देखा है मैंने
असंख्य रंग बिरंगी मछलियों को तैरते
अनगिन परिंदों को उड़ान भरते
कभी रेगिस्तान सा रुखापन, पर्वतों सी दृढ़ता
मजनूंओं सा बांवरापन,भंवरों सी चंचलता
इसीलिये तुम और तुम्हारी आंखें
पर्याय हो
एक दूसरे के

बहुत सुन्दर हैं ये क्योंकि इनमें
तुम्हारे अज़ीज सपनों की
 तस्वीर सजी दिखाई देती हैं मुझे
और हां अब इन तस्वीरों में
मैं भी दिखने लगी हूं
जैसे जनमों से सपनों की तरह
मैं भी तुम्हारी सगी हूं

तुम्हारी आंखों में सैलाब है, धुआं है
पर आंखों में हमेशा तैरती
 लहरें डूबने नहीं देती मुझे
ले आती है सुरक्षित साहिल तक


हां तुम्हारी आखों में
मेरा मन खिलता है
और किसी स्त्री को
साहिल
वाकई बड़ी मुश्किल से मिलता है

Sunday, July 19, 2009

जुही की कली सी



     

तेरा प्यार नौका सा हिचकोले खाता है



        मेरा प्यार नदिया सा .....

तेरा प्यार नौका सा हिचकोले खाता है
मेरा प्यार नदिया सा बढ़ता ही जाता है

थोड़ी सी ऊंची लहरों से जो है घबराती
वो कश्ती अपने साहिल तक पहुंच नहीं पाती
पर्वत और चट्टानों से जो राह बनाती है
वो नदिया खारे सागर से मिलने जाती है
हां प्यार में तो पागल मन को सब भाता है
मेरा प्यार नदिया सा

रोम रोम सागर में नदिया यूं घुल जाती है
नदी न रह कर बूंद- बूंद सागर कहलाती है
सागर बन -बन कर वह जब -जब तट तक आती है
रेत भी नम हो -हो कर उसकी यादें गाती है
क्यों चैन उसे सागर में खोकर आता है
मेरा प्यार नदिया सा

नदिया से यूं प्यार निभाता है सागर का जल
खुश हो कर वो तपता जाता बन जाता बादल
बादल बन सारी धरती पर सदा बरसता है
कण -कण भीग प्यार में सबका जीवन हंसता है
हां हरियाली का भी पानी से नाता है
मेरा प्यार नदिया सा