Saturday, November 13, 2021

गीत (कोई दे न दे)

खुद ही खुद की खुद्दारी को मान दिया है।
हक अपना लेकर खुद को सम्मान दिया है।

मैं भारत की नारी, मैं कमजोर नहीं हूँ भारी हूँ।
मैं काली,दुर्गा,लक्ष्मी हूँ, मैं जननी महतारी हूँ।
मैंने ही तो सबको जीवन दान दिया है।१।


मैं चेन्नमा,दुर्गा भाभी, झाँसी की रानी मर्दानी।
मैं सरोजनी नायडू, मैं ही पन्ना धाय सी बलिदानी।
मैंने भी आज़ादी में बलिदान दिया है।२।


मैं अहिल्या,जीजा बाई हूँ, शबरी,मीरा सी हूँ जोगन।
मैं वैदेही, मैं वनवासिन,राधा रानी सा पावन मन।
मेरी खातिर हरि ने गीता ज्ञान दिया है।३।


मैंने ही भाषा सिखलाई,तुम गढ़ते मेरी परिभाषा।
मेरी गोदी में पलते हो,उल्टा पड़ता फिर क्यूँ पासा।
मैंने निर्मिति की, तुमने व्यवधान दिया है।


केश खुले रक्खे अपने जीती जब-जब भी जंग हुई।
दांव लगी जब-जब नारी, बस मानवता ही दंग हुई।
सीता-द्रौपदी सबने ही इम्तेहान दिया है।

Wednesday, April 7, 2021

मुक्तक

मैं अपने अश्कों की स्याही से ही हालात लिखती हूँ।
हरेक पीड़ा ओ बैचेनी, हरेक जज़्बात लिखती हूँ।
मैं जो बोलूं वो तुम समझो सदा ये हो नहीं सकता।
मैं मन के पन्नों पर ही इसलिए हर बात लिखती हूँ।

मुक्तक

वो कहता है कि मेरा है मगर, कुछ है जो खलता है।
मैं हंसती हूँ तो रोता है,मैं रोती हूँ तो हंसता है।
वो बातें भी बड़ी करता है, तालीमें भी अव्वल हैं।
मेरे दिल को न पढ़ पाया,मुझे वो अनपढ़ लगता है।

मुक्तक

अभी तक जो सुना हमने, अधिक ही अनसुना होगा।
यक़ीनन हम सभी के जाने कितने-कितने किस्से हैं।
कि यूं तो दिख रहे हैं हम समूचे सब ही बाहर से।
मगर भीतर ही, भीतर जाने, कितने-कितने हिस्से हैं।

Friday, October 16, 2020

बापू महात्मा गांधी

तुमको चरखा,खादी और स्वदेशी गीत सदा भाए।
तुम सत्य,अहिंसा, सादगी के साधक बन आए।
साबरमती के संत कहाए आज़ादी भी दिलवाई
तुम ही राष्ट्रपिता,महात्मा औ' बापू कहलाए।


बापू तेरा हर इक बंदर नेकी हमको सिखलाए।
कभी न देखे बुरा, न बोले बुरा, बुरा ना सुन पाए।
नोटों पर तस्वीर तेरी ये राह सत्य की दिखलाए।
फिर भी जाने क्यों जन-जन का चंचल मन भटका जाए।

Friday, October 2, 2020

मुक्तक देशभक्ति

वो लोग क्या जिये जो बस, अपने लिए जिये
एक-एक सांस हो हमारी, देश के लिए
है घोर तिमिर चारों तरफ मेरे साथियों
जलना भी पड़ा तो जलेंगे बनके हम दिए

Monday, September 14, 2020

मुक्तक ऋतु

मोहब्बत कि सभी रस्में सदा हंस कर निभाई हैं।
अंधेरे में जली हूँ दीप बन राहें दिखाई हैं।
मेरी आँखों में बसते हैं यहां सुख-दुख के हर मौसम।
ऋतु है नाम मेरा मुझमें सब ऋतुएं समाई हैं।